May these winters be pleasant: These winters have come, this time have brought some different colors.
![]()
- जीवनशैली तो यूं भी पिछले आठ-दस महीनों से बदल चुकी है, लेकिन सर्दियों में कुछ ख़ास है।
- बारिश में केवल भीगने से बचना था, गर्मी में बाहर से आकर कपड़े बदलना और स्नान करना था, लेकिन सर्दियों में रोग प्रतिरोधक क्षमता की असली परीक्षा होगी।
- शरीर के सारे छुपे रोग, हडि्डयों के दर्द, सांस की दिक़्क़तें इन्हीं दिनों सिर उठाती हैं। ठंडी हवा तो घर के भीतर कहीं से भी प्रवेश कर जाती है, ज़ुकाम-खांसी का डर अलग है।
- कोरोना है ही। इन सर्दियों में कैसे रहें सुरक्षित, ख़ुश और मौसम का आनंद भी लें, इस बार का मधुरिमा का विशेष अंक इसी विषय पर आधारित है।
जाड़े के मौसम के साथ जुड़े है गुनगुनी धूप, अदरक वाली चाय और गर्माहट भरी रज़ाई में दुबकने जैसे सुख, जो अमूमन सबको सुलभ हैं। लेकिन सर्दियां कुछ लोगों के लिए चिंता का सबब भी होती हैं और अगर लापरवाही बरती जाए, तो अच्छे-ख़ासे स्वस्थ लोग भी बीमार पड़ सकते हैं।
बचाव के लिए ज़रूरत है बस आहार-विहार का ध्यान रखने की।
सर्दियों के मौसम के साथ सामान्य सर्दी-ज़ुकाम और खांसी जैसी दिक़्क़तें भी दस्तक देती हैं। फिर जैसे-जैसे ठंड बढ़ती जाती है, समस्याओं का ढेर भी बढ़ता जाता है। जो डायबिटीज़, रक्तचाप, जोड़ों में दर्द, हृदय रोग, अस्थमा आदि जैसी किसी बीमारी से ग्रस्त हैं, ख़ासतौर पर उनके लिए ठंड एक बड़ी मुसीबत बन जाती है। ऐसे में एहतियात ज़रूरी है। अगर आप या आपके क़रीबी इन रोगों से ग्रस्त हैं, तो उन्हें ठंड में अपना स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना होगा और विशेष जतन करने होंगे।
खानपान का रहे ख़्याल
मधुमेह, रक्तचाप, कोलेस्ट्रॉल और हृदय रोग अधिकांश मामलों में जीवनशैली से जुड़े होते हैं और मोटापा उनमें कॉमन फैक्टर होता है। सर्दियां इन रोगों के लिहाज़ से दोहरा असर डालती हैं। ठंडे मौसम में गर्म खाने की बहार होती है और उनमें से ज़्यादातर चीज़ें तली हुई होती हैं। पकौड़े, ख़ूब घी वाले व्यंजन, चटपटी, मसालेदर, तली-भुनी चीज़ों का सेवन बढ़ जाता है, जो इन बीमारियों की गंभीरता और मोटापा बढ़ने का कारण बनता है। आलू, चावल, मीठी चीज़ों से शुगर लेवल बढ़ता है। दूसरी तरफ़, ठंड के कारण शरीर की धमनियां सिकुड़ने लगती हैं। ऐसे में रक्त प्रवाह धीमा हो सकता है और उच्च रक्तचाप की समस्या बढ़ सकती है। इससे हृदय रोग से ग्रस्त मरीज़ के दिल पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है।
बरतें सावधानी
- समय-समय पर ज़रूरी जांचे करवाते रहें। नियमित व्यायाम करें और साथ ही वज़न को नियंत्रित रखें।
- बीपी को नियंत्रित करने के लिए रोज़ 30 से 45 मिनट सैर करें। महामारी के चलते घर से बाहर नहीं जा सकते हैं, तो घर के अंदर ही या छत पर सैर करें।
- बहुत अधिक ठंड में बाहर न निकलें। आवश्यक काम हो, तो ठंड से बचने की पूरी तैयारी करके निकलें।
- संतुलित आहार लें जिसमें फल और सब्ज़ियां, विभिन्न प्रकार के अनाज शामिल हों। यदि मांसाहारी हैं तो मछली हो, और हेल्दी फैट जैसे कि मोनोअनसैचुरेटेड और पॉलीअनसैचुरेटेड फैट हफ़्ते में दो बार खाएं।
- कम-कम मात्रा में खाएं। तले-भुने और मसालेदार खाने से परहेज़ करें। अधिक मीठी या नमकीन से बचें।
सांस की समस्याएं...
बनी रहे गर्माहट
अस्थमा जैसे श्वास रोगों में फेफड़े और सांस की नली संवेदनशील हो जाती है। ज़्यादा ठंड और उसके साथ होने वाले कोहरे के कारण रोगियों को सांस लेने में मुश्किल होती है। कोहरे के कारण खांसी की समस्या होती है, जो घातक भी साबित हो सकती है।
बरतें सावधानी
- खांसी, ज़ुकाम, बुखार से बचें। नियमित जांच कराएं।
- ख़ुद को गर्म रखें और गर्म कपड़े पहनकर रहें।
- घर और बाहर इनहेलर हमेशा साथ रखें। दवाइयों का नियमित और सही समय पर सेवन करें।
- काढ़े का सेवन करें। यह सर्दी-ज़ुकाम और खांसी से बचाएगा, जिनकी वजह से सांस की तकलीफ़ बढ़ सकती है। हल्दी, दालचीनी और शहद का प्रयोग भी लाभप्रद होगा।
- नियमित व्यायाम करना भी ज़रूरी है लेकिन इसके लिए विशेषज्ञ से परामर्श ज़रूर करें, ताकि वो सही व्यायाम और उसकी उचित विधि की जानकारी दे सके।
जोड़ों में दर्द...
धूप और मालिश हैं अहम
ठंड में जोड़ों का दर्द बढ़ जाता है, इसलिए हड्डियों के मरीज़ इस मौसम में ज़्यादा परेशान रहते हैं। ठंड की वजह से हड्डियां जकड़ती हैं, जिससे हल्का-सा संचलन भी दर्द का एहसास देता है।
बरतें सावधानी
- धूप लें। धूप की गर्माहट हड्डियों की जकड़न दूर करती है, इससे शरीर में बनने वाला विटामिन-डी उन्हें मज़बूती देता है (देखें इन्फ़ो)। साथ ही नियमित व्यायाम और सैर करें। इससे हड्डियों का लचीलापन बना रहता है।
- दवाइयों में लापरवाही बिल्कुल न करें। जोड़ों का ख़ास ख़्याल रखें। घुटनों पर कैप्स चढ़ाकर रखें। सोते समय गर्म पानी की बोतल साथ रखें।
- पालक, राजमा, टमाटर, अलसी खाएं। सेब के सिरके का उपयोग कर सकते हैं, क्योंकि इसमें एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण होते हैं जो दर्द और सूजन से राहत देते हैं।
- रात में गर्म दूध में हल्दी मिलाकर पिएं, क्योंकि यह शरीर के दर्द को दूर करने में मददगार है।
- फलों में केला खाएं जिससे शरीर में पोटैशियम की कमी पूरी होगी।
सबके लिए ज़रूरी
सर्दियों के कुछ सामान्य उपाय सभी के लिए उपयोगी होंगे।
- गुनगुने पानी से नहाएं और धूप में बैठकर शरीर पर गुनगुना तेल लगाएं।
- व्यायाम बीमारियों को ठीक करने की क्षमता रखता है। अपनी क्षमता के अनुसार नियमित रूप से व्यायाम करें। यह प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है।
- तेल में 3-4 लहसुन की कलियां डालकर गर्म करें और उससे मालिश करें। गुनगुने तेल से जोड़ों के दर्द, पसलियों के दर्द, सिर दर्द, बदन दर्द आदि में राहत मिलती है। इससे शरीर को गर्माहट मिलती है जिससे वह ठंड की मार से बचा रहता है।
- गुनगुने पानी में नमक मिलाकर गरारा करें। खराश दूर होती है।
- सर्दियों में गुनगुना पानी पिएं। इससे ज़ुकाम में राहत मिलती है और कब्ज़ या अपच की समस्या भी ठीक होती है। पानी गुनगुना ही हो, गर्म पानी गले और शरीर के अंदरूनी अंगों को नुक़सान पहुंचा सकता है।
- दांतों के बीच 2 लौंग दबाकर सोने जाएं। धीरे-धीरे चूसते रहें। शरीर को गर्माहट और फ्लू में राहत मिलेगी।
(आमुख - प्रियंका अग्रवाल, आहार विशेषज्ञ, मैक्स मल्टी स्पेशलिटी सेंटर }डॉ. परिणीता कौर, इंटर्नल मेडिसिन कंसल्टेंट)

0 Comments